तेज रफ्तार ट्रक पलटा, चालक की दर्दनाक मौत

जानवर को बचाने के प्रयास में हादसा, मुढीपार चौक की घटना
महासमुंद। जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र के मुढीपार चौक के पास 9 अप्रैल की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक आए जानवर को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सैय्यद राजिब (27) पिता सैय्यद राजू, निवासी आरखाली थाना आमडागा, जिला उत्तर 24 परगना (कोलकाता) के रूप में हुई है। वह आइशर वाहन क्रमांक डब्ल्यूबी 25 एन 8647 का चालक था।
घटना के समय वह अपने हेल्पर अजरूद्दीन (19) के साथ कोल्हापुर (महाराष्ट्र) से हावड़ा (पश्चिम बंगाल) अंगूर लेकर जा रहा था। मुढीपार चौक के पास अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक पलट गया।
हादसे में चालक ट्रक के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पिथौरा पुलिस ने मामले में मर्ग क्रमांक 20/26 धारा 194 बीएनएस के तहत जांच शुरू कर दी है। वहीं, धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।