आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला

पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में वारदात, टीआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल
महासमुंद। शराब मामले के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में जानलेवा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में सांकरा थाना प्रभारी (टीआई) उत्तम तिवारी, प्रधान आरक्षक, महिला आरक्षक सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को वरिष्ठ अधिकारियों के मौखिक निर्देश पर सांकरा टीआई उत्तम तिवारी अपनी टीम के साथ थाना पटेवा पहुंचे थे। यहां वे आबकारी एक्ट के अपराध क्रमांक 37/2026 के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त कार्रवाई कर रहे थे। इस दौरान थाना पटेवा, रक्षित केंद्र महासमुंद, एसडीओपी कार्यालय महासमुंद, एसडीओपी कार्यालय पिथौरा, थाना अजाक और थाना तुमगांव से भी पुलिस बल मौजूद था।
कार्रवाई के दौरान ग्राम पचरी में आरोपियों और उनके सहयोगियों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में कई पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आईं। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त बल की मदद से किसी तरह टीम ने खुद को सुरक्षित किया।
घटना के बाद सांकरा टीआई उत्तम तिवारी ने थाना पटेवा में आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, हमला करने समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।