कांग्रेसियों ने असम सीएम का फूंका पुतला

खड़गे पर कथित टिप्पणी को लेकर उबाल, माफी नहीं मांगने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
महासमुंद। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में देशभर की तरह महासमुंद में भी तीव्र आक्रोश देखने को मिला।
शहर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री सरमा का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सरमा ने खड़गे के प्रति अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है, जो न केवल एक वरिष्ठ नेता का अपमान है, बल्कि समाज के एक बड़े वर्ग की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने वाला है। नेताओं ने इसे बेहद आपत्तिजनक बताते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल सार्वजनिक माफी की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही माफी नहीं मांगी गई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में खल्लारी विधायक एवं जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव, पूर्व प्रदेश प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला, जिला प्रभारी हितेंद्र ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।