पिता-बेटे ने मिलकर की हत्या, शव कुंए में फेंका

घरेलू विवाद और शराब की लत बनी वजह
महासमुंद। पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या के मामले का खुलासा किया है। इस मामले में पिता और उसके नाबालिग बेटे द्वारा मिलकर युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर पत्थर बांधकर कुंए में फेंक दिया गया था, ताकि घटना को छुपाया जा सके।
9 अप्रैल को यशवंत चंद्राकर के मुर्गी फार्म के पास जंगल से लगे लिफ्ट एरिगेशन के कुंए में एक युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान शव की पहचान ग्राम लाफिन खुर्द निवासी 27 वर्षीय सत्यानारायण ध्रुव के रूप में हुई, जो कई दिनों से लापता था।
पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मृतक के पिता महेश ध्रुव और छोटे बेटे (विधि से संघर्षरत बालक) ने बताया कि सत्यानारायण शराब का आदी था और अक्सर नशे में घरवालों के साथ मारपीट व गाली- गलौज करता था। 6 मार्च को भी उसने अपनी मां के साथ मारपीट की, जिस पर छोटे भाई ने गुस्से में आकर पत्थर के सील से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पिता-पुत्र ने मिलकर साक्ष्य छुपाने की कोशिश की। उन्होंने शव को प्लास्टिक बोरी में भरकर मोटरसाइकिल से कुंए तक ले जाकर पत्थर बांधकर फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी पिता महेश ध्रुव (54 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल न्यायालय में प्रस्तुत कर विधि अनुसार कार्रवाई की गई है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। यह मामला घरेलू विवाद और नशे की लत के खतरनाक परिणाम को उजागर करता है, जिसने एक परिवार को ही अपराध की राह पर धकेल दिया।