महासमुंद से अयोध्या धाम के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा जनपद परिसर

महासमुंद। क्षेत्र की धार्मिक आस्था और उत्साह का सुंदर नजारा उस समय देखने को मिला, जब जनपद परिसर से श्रद्धालुओं का एक जत्था भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में “जय श्रीराम” के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
जनप्रतिनिधियों ने भगवा ध्वज दिखाकर श्रद्धालुओं को शुभ यात्रा की कामना के साथ विदा किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने यात्रियों के सुरक्षित एवं मंगलमय दर्शन की कामना की। अयोध्या धाम, उत्तर प्रदेश में स्थित हिंदू आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां भगवान श्रीराम के जन्मस्थान के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां के प्रमुख धार्मिक स्थलों में श्रीराम मंदिर, कनक भवन, हनुमानगढ़ी, दशरथ महल और पवित्र सरयू नदी के घाट शामिल हैं। श्रद्धालु यहां दर्शन के साथ-साथ सरयू नदी में स्नान और नौका विहार का भी आनंद लेते हैं।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा रामस्वरूप दीवान, उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, जनपद सदस्य संगीता राहुल चंद्राकर, विजय लक्ष्मी जांगड़े, संतोष साहू, लोकेश चंद्राकर, राहुल चंद्राकर, रामेश्वर पटवा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं का यह जत्था उत्साह और श्रद्धा के साथ अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ, जहां वे भगवान श्रीराम के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।