सट्टा खेलते एक युवक रंगे हाथ गिरफ्तार

महासमुंद। पिथौरा पुलिस ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक सट्टा खईवाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि पिथौरा के सब्जी मार्केट क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाकर अवैध रूप से धन अर्जित कर रहा है और अन्य लोगों को भी इसमें शामिल कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर मौके पर दबिश दी और आरोपी को सट्टा खिलाते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील बंसल (40 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 15, सब्जी मार्केट पिथौरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना पिथौरा में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत मामला कायम किया गया है। यह प्रकरण अजमानतीय होने के कारण आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गय है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से सट्टे से संबंधित लेन-देन के 4 स्क्रीनशॉट, एक पुराना मोबाइल फोन (कीमत लगभग 8,000 रुपये) तथा 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 8,500 रुपये आंकी गई है।