भाजपा का ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ कांग्रेस की नकल, जनता को गुमराह करने की कोशिश: आलोक चंद्राकर
बिजली दर वृद्धि, धान खरीदी गड़बड़ी और भ्रष्टाचार पर साधा निशाना, बोले—सिर्फ 50 गांवों तक सीमित है भाजपा का अभियान
महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव आलोक चंद्राकर ने भाजपा के ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की सीधी नकल बताते हुए कहा कि भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए दिखावटी कार्यक्रम चला रही है।
चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आम लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं, जबकि भाजपा केवल सीमित क्षेत्रों में कार्यक्रम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का अभियान सिर्फ 50 गांवों तक सीमित है, जबकि प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 175 से 200 से अधिक गांव हैं। उन्होंने भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में बिजली दरों में बढ़ोतरी, धान खरीदी में अनियमितता, सड़कों की खराब स्थिति, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार से आम जनता परेशान है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान सुनियोजित तरीके से अपने कार्यकर्ताओं को एकत्र कर प्रचार करने का माध्यम मात्र है। साथ ही उन्होंने ‘मोदी की गारंटी’ को लेकर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता को ठगने के बाद अब भाजपा नेताओं को जनता के सवालों का सामना करने से बचने के लिए सीमित कार्यक्रम करने पड़ रहे हैं।
चंद्राकर ने प्रदेश में शराब दुकानों के विस्तार, अवैध शराब बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस के कार्यक्रमों की नकल तो कर सकती है, लेकिन देश की आजादी और निर्माण में कांग्रेस के योगदान और बलिदान की बराबरी नहीं कर सकती। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार के जनहितैषी कार्यों को याद करते हुए भाजपा को उन्हीं योजनाओं से सीख लेने की सलाह दी।
