भलेशर नयापारा में तीन दिवसीय श्री राम कथा सम्पन्न

भक्ति, आस्था और संस्कृति का संगम, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
महासमुंद। ग्राम भलेशर नयापारा में आयोजित तीन दिवसीय श्री राम कथा कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं राष्ट्रीय तेलीकर्मा सेना के संस्थापक तथा भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से श्री राम टोकरी भेंट कर, चंदन एवं गुलाल लगाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर तुषार साहू ने भगवान श्री राम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा है। उन्होंने विशेष रूप से भरत और शत्रुघ्न के चरित्र का उल्लेख करते हुए बताया कि दोनों भाई त्याग, समर्पण और निस्वार्थ प्रेम के प्रतीक हैं। भरत ने भगवान राम के प्रतिनिधि के रूप में नंदीग्राम में तपस्वी जीवन व्यतीत करते हुए 14 वर्षों तक राज्य का संचालन किया, वहीं शत्रुघ्न ने भरत की सेवा और अयोध्या की रक्षा में अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भरत और शत्रुघ्न का जीवन हमें सिखाता है कि सच्चा प्रेम और कर्तव्य भोग नहीं, बल्कि त्याग में निहित होता है। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से छोटू साहू, जितेन साहू, शोभित साहू, लोकेश साहू, महेश साहू सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।