नगर विकास का ऐतिहासिक बजट: सभी वार्डों के लिए समान सुविधाएं

पार्षद नीरज ने बजट को बताया सर्वजन हितैषी, अध्यक्ष की कार्यशैली की सराहना
महासमुंद। नगर पालिका के वार्ड 16 के पार्षद नीरज चंद्राकर ने नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू द्वारा प्रस्तुत बजट को ऐतिहासिक, विकासोन्मुख और सर्वजन हितैषी बताया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में गरीबों, बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, साथ ही मुक्तिधाम निर्माण और अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी व कंडे की व्यवस्था जैसी संवेदनशील पहल शामिल है।
उन्होंने बताया कि बजट में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की स्पष्ट रूपरेखा तैयार की गई है और सभी 30 वार्डों में समान रूप से सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। बजट को पालिका सभाकक्ष में पक्ष-विपक्ष के सभी पार्षदों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसकी पूरे शहर में सराहना हो रही है।
पार्षद चंद्राकर ने कहा कि अध्यक्ष साहू ने अपने कार्यकाल में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए विकास की नई मिसाल कायम की है। पिछले एक वर्ष में नगर क्षेत्र में कई बड़े विकास कार्यों की सौगात मिली है।
उन्होंने नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपनी अनुभवी भूमिका के अनुरूप सकारात्मक सहयोग देना चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि वे विरोध की राजनीति छोड़कर नगर विकास में भागीदारी निभाएं, जिससे जनता के बीच उनकी लोकप्रियता और विश्वस्नीयता बनी रहे।