महासमुंद में एलपीजी गैस आपूर्ति सामान्य, निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

अफवाहों से दूर रहने की अपील, पेट्रोल-डीजल व आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर रखी जाएगी सतत नजर
महासमुंद। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल, डीजल एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की सुचारू उपलब्धता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए बनाए गए इस कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 99265-45105 निर्धारित किया गया है।
इस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। सहायक खाद्य अधिकारी मनीष यादव को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है, जो महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली विकासखंडों में आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखेगी।
प्रशासन द्वारा घरेलू एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता के साथ-साथ दैनिक जरूरत की वस्तुओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग एवं किसी भी प्रकार के दुरुपयोग पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों को साप्ताहिक प्रतिवेदन जिला कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री लंगेह ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। गैस एजेंसियों और ऑयल कंपनियों के साथ नियमित बैठक कर आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। प्रशासन द्वारा समय-समय पर आपूर्ति व्यवस्था की सही जानकारी साझा की जाएगी, ताकि नागरिकों को सटीक और विश्वसनीय सूचना मिलती रहे।