नगर पालिका का 93.76 करोड़ का बजट पेश, विकास और जनसुविधाओं पर खास जोर
मुक्तिधाम में निःशुल्क अंतिम संस्कार सामग्री, बुजुर्गों के लिए “महतारी एक्सप्रेस” और शहर में 19 बड़े विकास कार्यों की घोषणा
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में आयोजित परिषद बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट पेश किया गया। लगभग 93 करोड़ 76 लाख 81 हजार रुपए के इस बजट में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और कमजोर वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी गई है।
पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने बजट प्रस्तुत करते हुए स्पष्ट किया कि नगर पालिका का फोकस जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं को धरातल पर उतारा जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के साथ शामिल किया गया है।
बजट में शहर के तीनों मुक्तिधामों में शवदाह के लिए निःशुल्क लकड़ी और कंडे की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा पशुओं की सेवा के लिए निःशुल्क गौ सेवा रथ (वाहन) शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पालिका कार्यालय तक आवागमन के लिए “महतारी एक्सप्रेस” शुरू करने की योजना भी बजट में शामिल है। वहीं शहर के सौंदर्यीकरण और विकास के तहत विठोबा टॉकीज के सामने भव्य महामाया प्रवेश द्वार निर्माण, संजय कानन के सामने और कांग्रेस भवन के पास व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण का प्रावधान किया गया है।
इसके साथ ही नागरिक सुविधा केंद्र, राजस्व भवन निर्माण, गुरु गोविंद सिंह उद्यान का उन्नयन और वहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा स्थापना, पालिका में ई-ऑफिस व्यवस्था लागू करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी शामिल हैं।
शहर के विस्तार को ध्यान में रखते हुए सुभाष नगर और पीतियाझर बस्तियों के बीच नए मुक्तिधाम का निर्माण तथा नयापारा के स्लम क्षेत्रों में ट्यूबलर पोल और प्रकाश व्यवस्था की योजना भी बजट का हिस्सा है। कुल मिलाकर 19 प्रमुख विकास कार्यों के लिए यह बजट तैयार किया गया है। बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति श्रीमती ज्योति रिंकू चंद्राकर सहित सभी पार्षदगण और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
