कलेक्टर ने ग्राम पंचायत टेंगना बरपारा में राजस्व पखवाड़ा के कार्यों का किया अवलोकन

अधिकारी-कर्मचारियों को आम जनता के राजस्व संबंधी प्रकरणों का समुचित निराकरण करने के दिए निर्देश
ग्रामीणों से बातचीत कर उनके राजस्व संबंधी समस्याओं की ली जानकारी
बालोद, 10 अप्रैल 2026/कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज गुरूर विकासखण्ड के ग्राम टेंगना बरपारा के ग्राम पंचायत कार्यालय में पहुँचकर राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित हल्का पटवारी एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत शिविर में प्राप्त राजस्व संबंधी प्रकरणों का समुचित निराकरण करने के दिए निर्देश। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनके राजस्व संबंधी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत उनके गांव में आयोजित शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत करने को कहा। इस मौके पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने मौके पर उपस्थित हल्का पटवारी एवं अन्य कर्मचारियों से राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों के संबंध में सुविधा प्रदान करने हेतु प्रचार-प्रसार की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने हल्का, पटवारी एवं कर्मचारियों को राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित शिविरों की समुचित प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने हल्का पटवारी से शिविरों में बी-1 के वाचन आदि के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने हल्का पटवारी एवं अन्य कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों में जब तक ग्रामीण रहेंगे तब तक आप सभी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।