कुएं में बोरी में मिला युवक का शव
सिर-कंधे पर चोट के निशान, 20-25 दिन पुराना; हत्या की आशंका
महासमुंद। जिले के लभराखुर्द ग्राम पंचायत में एक कुएं से बोरी में भरा एक युवक का शव बरामद हुआ है। यह कुआं यश पोल्ट्री फॉर्म के पास स्थित है। शव को सुनियोजित तरीके से छिपाया गया था, लेकिन तेज दुर्गंध और कुएं में पानी कम होने के कारण मामला सामने आया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह गांव का एक व्यक्ति बकरी चराते हुए लिफ्ट एरिगेशन कुएं के पास पहुंचा। पानी कम होने पर उसे कुएं में एक बोरी दिखाई दी और तेज दुर्गंध महसूस हुई। उसने तत्काल कोटवार को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रस्सी की मदद से बोरी को कुएं से बाहर निकाला। बोरी खोलने पर अंदर एक युवक का शव मिला, जिसकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष आंकी जा रही है।
जांच में खुलासा हुआ है कि शव को अत्यंत सुनियोजित तरीके से ठिकाने लगाया गया था। मृतक के पैरों को मोड़कर उसे दो अलग-अलग बोरियों में भरा गया था। इन बोरियों में बड़े पत्थर, बोल्डर और मुरूम भरे गए थे, ताकि शव पानी में डूबा रहे और सतह पर न आ सके। बोरियों को महिला की साड़ी के टुकड़ों से कसकर बांधा गया था। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने हत्या के बाद शव को छिपाने की पूरी योजना बनाई थी।
फॉरेंसिक जांच के अनुसार, शव लगभग 20 से 25 दिन पुराना है। पानी में डूबे रहने के कारण शरीर का अधिकांश हिस्सा अधिक सड़ा नहीं है, लेकिन सिर का हिस्सा पूरी तरह गल चुका है। इस कारण मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। शव के सिर और कंधे के पीछे गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जो हत्या की ओर स्पष्ट संकेत देते हैं। पुलिस एक से अधिक लोगों के हत्या में शामिल होने की आशंका जता रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
शव के साथ पुलिस को खून से सनी शर्ट और महिलाओं द्वारा उपयोग किया जाने वाला लेगिस (लेगिंग) भी मिला है। इसके अलावा मृतक की टी-शर्ट की जेब से 100 और 200 रुपए के नोट तथा एक गुलेल भी बरामद हुआ है। महिला के कपड़ों की मौजूदगी से मामले में किसी महिला की भूमिका या कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं, पूरे जिले के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि शव को यहां तक लाने वालों की पहचान की जा सके।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम का मानना है कि इस हत्याकांड में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। जिस तरह से शव को बोरी में भरकर पत्थरों के साथ कुएं में फेंका गया, वह अकेले व्यक्ति के बस की बात नहीं लगती। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू पर गहराई से छानबीन की जा रही है।
