सिंघोड़ा में 312 किलो गांजा जब्त, 1.71 करोड़ की संपत्ति जब्त, सप्लायर समेत 5 गिरफ्तार, मुंबई में खपाने की प्लानिंग
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 312.590 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार 500 रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में कुल 1 करोड़ 71 लाख 42 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक ट्रक में गांजा लाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी कर ट्रक (क्रमांक केए 13 डी 7710) को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में रखी बोरियों से 312.590 किलो गांजा बरामद किया गया।
मौके से चालक इम्तियाज खान (कर्नाटक) और सह-आरोपी रवि प्रकाश राउतकर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के सोनपुर जिले से लाकर मुंबई में खपाने की योजना थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आगे की कड़ी कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर ओडिशा के बरहमपुर से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तीन और सप्लायर गिरफ्तार, अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा
बरहमपुर (ओडिशा) से गिरफ्तार आरोपियों में
जियाउल हक, नदीम अंसारी, सुखविंदर उर्फ बुलबुल आरोपी गांजा सप्लाई और परिवहन की व्यवस्था में शामिल थे। इस कार्रवाई से एक बड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जो ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा सप्लाई कर रहा था। इस कार्रवाई में 312.590 किलो गांजा, एक ट्रक (कीमत 15 लाख रुपये),
एक टोयोटा अर्बन क्रूजर कार और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1.71 करोड़ रुपये आंकी गई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
