महासमुंद में 4.432 किलो गांजा के साथ ड्रग पैडलर गिरफ्तार
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स व सरायपाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बाइक व मोबाइल सहित 2.60 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं सरायपाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक ड्रग पैडलर को 4.432 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 2.60 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरायपाली निवासी एक युवक लाल रंग की मोटरसाइकिल से गांजा लेकर बिक्री के लिए सागरपाली-भंवरपुर मार्ग की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम केन्दुढार स्थित कबीर आश्रम के पास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की।
कुछ ही देर बाद बताए गए हुलिए का युवक बाइक क्रमांक ओआर 17 सी 1146 से आता दिखा, जिसे रोककर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम दुर्गाप्रसाद वैष्णव (26 वर्ष) निवासी बस्ती सरायपाली, वार्ड क्रमांक 14 बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद पिट्ठू बैग से दो अलग-अलग पैकेट में गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर एक पैकेट में 1.800 किलो और दूसरे में 2.632 किलो गांजा पाया गया। कुल मिलाकर 4.432 किलो गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 10,000 रुपये) और एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 5,000 रुपये) भी जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 2.60 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है। गिरफ्तार आरोपी
दुर्गाप्रसाद वैष्णव (26) निवासी बस्ती सरायपाली जिला महासमुंद 4.432 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 2,60,000 रुपये), मोटरसाइकिल (बजाज बॉक्सर)और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सोर्स और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर भी जांच तेज कर दी गई है, ताकि इस तरह के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
