बालिका के अपहरण का आरोपी थाने से फरार
महासमुंद। बालिका के अपहरण का आरोपी शौचालय जाने के बहाने पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गया। बलौदा पुलिस ने बताया कि ग्राम किसड़ी से लापता एक बालिका के अपहरण मामले के आरोपी लखन उर्फ भोला कुमार को ग्राम बरडीह से गिरफ्तार कर 05 अप्रैल को चिकित्सकीय जांच के लिए सीएचसी सरायपाली लाया गया। जहां डॉक्टर ने संदेही का मुलाहिजा किया। बाद उसे वापस थाना बलौदा लाया गया, जहां संदेही शौचालय गया। जब वह 5-6 मिनट तक नहीं निकला, तब पुलिस ने उसे आवाज दी। कोई जवाब न मिलने पर दरवाजा को धक्का दिया गया, दरवाजा खुलने पर शौचालय के अंदर संदेही नहीं था वह रोशन दान से बाहर निकलकर फरार हो चुका था। खोजबीन के बाद आरोपी के न मिलने पर उसके खिलाफ धारा 262 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
