खट्टी जंगल मिले शव की हुई पहचान, पुलिस जांच तेज
महासमुंद। ग्राम खट्टी के जंगल में सोमवार सुबह मिली अज्ञात युवक की लाश की शिनाख्त हो गई है। मृतक की पहचान ग्राम खैराभांठा, गायत्री मंदिर के पास रहने वाले प्रकाश पटेल (22) के रूप में की गई है। प्रकाश महासमुंद में एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में मैकेनिक के रूप में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, मृतक के संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के माध्यम से उसकी अंतिम लोकेशन और संदिग्ध व्यक्तियों का पता लगाया जा रहा है। जिन लोगों के साथ उसका विवाद हुआ था, उनकी तलाश भी जारी है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार सुबह खट्टी शराब दुकान के पीछे जंगल में ग्रामीणों ने एक युवक का क्षत-विक्षत शव पेड़ के नीचे पड़ा देखा था। हत्या इतनी बेरहमी से की गई थी कि मृतक का चेहरा पूरी तरह कुचल दिया गया था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में शरीर पर बने गोदना (टैटू) और कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान की गई। हत्या की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने युवक के सिर को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया था। इसके अलावा गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या की गई।
परिजनों के अनुसार, प्रकाश रविवार को रोज की तरह काम पर गया था। दोपहर में हाफ टाइम लेकर दोस्तों के साथ निकला था। शाम करीब 6 बजे वह घर लौटा, लेकिन रात 11 बजे तक उसे गांव के गायत्री मंदिर के पास देखा गया। इसके बाद वह लापता हो गया। रात करीब 11:30 बजे जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला।
परिजनों ने यह भी बताया कि उसी दिन प्रकाश और उसके एक दोस्त का किसी अन्य व्यक्ति से विवाद हुआ था, जिसे पुलिस जांच का अहम बिंदु मान रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
