अज्ञात वाहन की ठोकर से व्यक्ति की मौत

महासमुंद। पिथौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार की सुबह एक सड़क हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 10 बजे अवतार ढाबा के पास हुआ। ग्राम बया निवासी आत्माराम दीवान (52) अपनी मोटरसाइकिल से निजी कार्य के सिलसिले में पिथौरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।