हनुमान जन्मोत्सव पर भक्ति और सेवा का संगम
महासमुंद। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 2 अप्रैल को सिद्ध श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर, कचहरी चौक में मंदिर समिति एवं श्रद्धालु भक्तों द्वारा भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं भोग-प्रसाद वितरण का कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने सहभागिता करते हुए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और नगर सहित पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने भंडारे में शामिल होकर श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप चावल-सब्जी का वितरण भी किया।
आयोजन की शुरुआत मंदिर के पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा एवं आरती से हुई। इसके पश्चात दोपहर से लेकर देर शाम तक निरंतर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
