राज्यपाल रमेन डेका की सरायपाली में समीक्षा बैठक

जल संरक्षण और जैविक खेती पर दिया जोर
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने सरायपाली प्रवास के दौरान रेस्ट हाउस में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में राज्यपाल ने जल संरक्षण कार्यों की सराहना करते हुए डबरी निर्माण को और गति देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि विकासखंड में 218 डबरी स्वीकृत की गई हैं, जिनमें बड़ी संख्या में कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने पर जोर देते हुए राज्यपाल ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण करने के निर्देश दिए। कैंपा और मनरेगा के माध्यम से शासकीय परिसरों, रेस्ट हाउस और ग्रामीण क्षेत्रों में फलदार एवं छायादार पौधे लगाने की बात कही गई। वर्तमान में क्षेत्र में लगभग 1.50 लाख पौधरोपण किया जा चुका है।
कृषि क्षेत्र की समीक्षा में उन्होंने जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम करने तथा धान के साथ उद्यानिकी फसलों के समावेश पर बल दिया। साथ ही जैविक चावल के वैल्यू एडिशन के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने, सेवा शुल्क सुनिश्चित करने और सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में राज्यपाल ने टीबी मरीजों के उपचार की सतत निगरानी, सक्षम लोगों को मरीजों को गोद लेने के लिए प्रेरित करने तथा कैंसर और मोतियाबिंद जैसे रोगों के लिए जागरूकता अभियान और शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर इलाज के लिए एम्स से समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने, बच्चों में योग की आदत विकसित करने, पुस्तकालयों के विस्तार तथा महिला स्व-सहायता समूहों को “लखपति दीदी” बनाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में सरायपाली विधायक श्रीमती चतुरी नंद, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।