कर्मा जयंती समारोह में शामिल हुए नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू

समाज को एकजुट रहने का दिया संदेश
महासमुंद। ग्राम छपोराडीह, सिंघनपुर एवं सिंघी में आयोजित कर्मा जयंती समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने माता कर्मा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष श्री साहू ने माता कर्मा के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माता कर्मा ने न केवल साहू समाज, बल्कि संपूर्ण मानव जाति को सही मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज सेवा और सामाजिक उत्थान के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि साहू समाज हमेशा से सभी को साथ लेकर चलने की भावना रखता है और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। वर्तमान समय में समाज हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। उन्होंने बच्चों की शिक्षा और अच्छे संस्कारों पर विशेष जोर देते हुए समाज को संगठित रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाजजन उपस्थित रहे।