10 घंटे में नशे पर पुलिस की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक, 6.86 क्विंटल गांजा समेत 4.61 करोड़ की जब्ती

चार थाना क्षेत्रों में 5 प्रकरण, 13 तस्कर गिरफ्तार – देशभर में फैले नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने एक ही दिन में 10 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क को करारा झटका दिया है। पुलिस ने चार थाना क्षेत्रों में पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कुल 685.890 किलो गांजा (करीब 6.86 क्विंटल) और 700 नग नशीली टैबलेट जब्त की है। इस कार्रवाई में 13 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 6 आरोपी छत्तीसगढ़ और 7 अन्य राज्यों के निवासी हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई में 4 करोड़ 61 लाख 67 हजार 506 रुपये की कुल संपत्ति जब्त की है, जिसमें गांजा की कीमत 3.42 करोड़ रुपये और वाहन व अन्य सामग्री की कीमत लगभग 41.40 लाख रुपये शामिल है।
ऐसे हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई
महासमुंद पुलिस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) तथा बसना, कोमाखान, सिंघोड़ा व महासमुंद पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए तस्करी के हर तरीके को विफल कर दिया। तस्कर पिकअप, कार, ट्रक, बाइक और यहां तक कि ट्रेन के जरिए भी नशे की सप्लाई कर रहे थे।
थाना वार कार्रवाई का विवरण
कोमाखान थाना
एनएच-353 टेमरी नाका पर नाकाबंदी के दौरान ट्रक क्रमांक सीजी 04 एनजे 9286 से 25 किलो गांजा जब्त किया गया। चालक ने अपना नाम विव मोहित साहू (27) और पुष्पेन्द्र साहू (21) मध्यप्रदेश का रहने वाला बताया। इसी थाने की टीम ने डिजायर कार क्रमांक जेएच 01 एफजेड 4071 से 200 किलो गांजा बरामद किया। इस कार में उत्तर प्रदेश के 3 आरोपी सवार थे। पकड़े गए गांजे की कीमत 1.08 करोड़ रुपये बताई गई है।
बसना थाना
पैकर्स एंड मूवर्स एंड पैकर्स कंपनी के बोलेरो पिकअप में रायगढ़ से घरेलू सामान हैदराबाद ले जाने के लिए निकले थे। लेकिन बीच में ओडिशा से सामान के नीचे 454.890 किलो गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पिकअप चालक इमरान (37) राजस्थान का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी से एक मोबाइल और 10 हजार नगदी समेत 2.38 करोड़ रुपये का गांजा बरामद किया है।
सिंघोड़ा थाना
नेशनल हाईवे 53 रेहटीखोल से बाइक सीजी 11 एजेड 3766 में सवार बलौदा जिला जांजगीर-चांपा निवासी देवचरण रात्रे (46) और पेटूपाली बरगढ़ ओडिशा निवासी किशोर राउतिया (25) बैग में 6 किलो गांजा ले जा रहे थे। जब्त गांजे की कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी से दो मोबाइल भी जब्त किया है।
सिटी कोतवाली महासमुंद
रेलवे स्टेशन के पास रेड कार्रवाई में पुलिस ने 700 नग नशीली दवाई जब्त की है। पुलिस
5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राकेश कुमार (32), मनोज कुमार सोनबेर (33), सद्दाम कुरेशी (32), रिंकू चंद्राकर (34) और कामेश चंद्राकर (30) सभी महासमुंद निवासी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
इस कार्रवाई में बिलासपुर पुलिस और रायपुर कमिश्नर क्राइम ब्रांच का भी सहयोग मिला। पुलिस ने तस्करी नेटवर्क के लॉजिस्टिक कोऑर्डिनेटर तक को गिरफ्तार कर एंड-टू-एंड कार्रवाई की है।
पिछले 3 महीने का रिकॉर्ड
जिले के पुलिस ने 63 प्रकरण दर्ज कर
4054.350 किलो गांजा (40.54 क्विंटल) जब्त कर 165 आरोपी को गिरफ्तार किया है। इनमें 48 छत्तीसगढ़ से117 अन्य राज्यों से हैं।
पुलिस का संदेश
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है और अंतर्राज्यीय नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
महासमुंद पुलिस की यह कार्रवाई न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश में नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश है कि तस्करी के हर हथकंडे पर पुलिस की नजर है और किसी भी कीमत पर इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।