सूने मकान में लाखों की चोरी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी घासी राम पटेल (67 वर्ष), निवासी सिरको बांधपारा थाना बसना, ने 28 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 मार्च को वे पदमपुर (ओडिशा) गए हुए थे तथा उनकी पत्नी भी गांव केशरीपुर चली गई थीं। इसी दौरान घर सूना पाकर अज्ञात चोर ने पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी का ताला तोड़कर सोना-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम पार कर दी।
चोरी गए सामान में सोने का माला व कर्णफूल (लगभग 25 ग्राम, कीमत करीब 50 हजार रुपए), चांदी के पायल, बिछिया व अंगूठी (लगभग 40 ग्राम, कीमत करीब 30 हजार रुपए) तथा नगद 5 लाख 15 हजार रुपए शामिल थे। कुल चोरी की राशि लगभग 5 लाख 95 हजार रुपए आंकी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी सिलास सागर (25 वर्ष), निवासी ग्राम सिरको, थाना बसना, जिला महासमुंद है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सभी जेवरात और नगदी राशि बरामद कर ली है।