महुआ शराब पर पुलिस का प्रहार, 9 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स तथा महासमुंद, बागबाहरा, कोमाखान, सरायपाली और पिथौरा पुलिस की संयुक्त टीम ने 8 ठिकानों पर दबिश देकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान अब तक कुल 11 लाख 39 हजार 105 रुपए मूल्य की 4936.520 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। वहीं 15 दिसंबर 2025 से अब तक 4382 प्रकरणों में 438 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
कार्रवाई के तहत बागबाहरा थाना क्षेत्र में दो आरोपियों से 40 पौवा देशी शराब और एक बिना नंबर स्कूटी जब्त की गई। महासमुंद थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग मामलों में 129 पौवा (करीब 23 लीटर) शराब के साथ दो वाहन जब्त किए गए।
कोमाखान थाना पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 7 लीटर महुआ शराब और नकदी बरामद की। सरायपाली क्षेत्र में ढाबा संचालक सहित दो लोगों पर कार्रवाई करते हुए महुआ शराब और गोवा शराब जब्त की गई, साथ ही 30 किलो महुआ लाहन मौके पर नष्ट किया गया।
वहीं पिथौरा थाना क्षेत्र में दो मामलों में किराना दुकानों से कुल 44 नग देशी शराब जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।