प्रेम संबंधों का दर्दनाक अंत: एक ही दिन में दो जोड़ों की फांसी से मौत
अंतरजातीय रिश्ते, सामाजिक दबाव और उलझे संबंध बने वजह
दो अलग-अलग जगहों पर पेड़ों से लटके मिले शव
महासमुंद। जिले में प्रेम संबंधों से जुड़ी दो हृदयविदारक घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पिथौरा-रायपुर मार्ग और बसना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर प्रेमी-प्रेमिकाओं के शव पेड़ों पर फांसी के फंदे से लटके मिले। प्रथम दृष्टया दोनों मामलों में प्रेम प्रसंग, सामाजिक बाधाएं और पारिवारिक दबाव सामने आ रहे हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
मुरईधोवा नाला के पास एक ही चुन्नी से लटके मिले युवक-युवती
पिथौरा-रायपुर मुख्य मार्ग पर मुरईधोवा नाला के समीप सोमवार सुबह राहगीरों ने एक युवक और युवती का शव पेड़ पर लटका देखा। दोनों एक ही चुन्नी के सहारे फंदे पर झूल रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक युवक की पहचान पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम बनपचरी निवासी धनेश्वर खड़िया के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे, लेकिन अलग-अलग जाति के होने के कारण सामाजिक बाधाएं आड़े आ रही थीं।
बताया गया कि धनेश्वर खड़िया उत्तर प्रदेश के एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करता था, लेकिन करीब दो महीने पहले वह अकेले गांव लौट आया था। घटना वाले दिन ही उसके परिजन भी भट्ठे से वापस लौटे और उन्हें इस दुखद घटना की जानकारी मिली। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
प्रेमी-प्रेमिका ने की आत्महत्या
इधर, बसना थाना अंतर्गत भंवरपुर चौकी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। ग्राम मुड़ीडीह और उड़ेला के बीच तालाब किनारे इमली के पेड़ पर प्रेमी-प्रेमिका का शव एक ही फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान मुड़ीडीह निवासी सूरज सेन (28) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था। वहीं युवती की पहचान छुईहा (थाना बिलाईगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) निवासी प्रिया ठाकुर (22) के रूप में हुई, जो कॉलेज छात्रा थी। दोनों 25 मार्च से अपने घरों से लापता थे।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान सामाजिक कारणों और अंतरजातीय संबंध का हवाला देते हुए युवती के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। काफी समझाइश के बाद भी वे नहीं माने, जिसके बाद प्रशासन ने सरपंच, पंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में युवती का अंतिम संस्कार कराया। युवक का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
रिश्तों में उलझन और चौंकाने वाला खुलासा
इस मामले में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि सूरज सेन पहले से ही एक युवती से प्रेम विवाह कर चुका था और उसका तीन साल का बेटा भी है। इसके बावजूद वह प्रिया ठाकुर से भी शादी करना चाहता था, जिससे स्थिति और जटिल हो गई थी।
पुलिस कर रही गहन जांच
दोनों ही मामलों में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर प्रेम संबंध, सामाजिक दबाव और पारिवारिक परिस्थितियों को कारण माना जा रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा। इन घटनाओं ने एक बार फिर समाज में रिश्तों, सामाजिक बंधनों और मानसिक दबाव जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर दिया है।
