एम्बुलेंस की आड़ में गांजा तस्करी, 20 किलो के साथ महाराष्ट्र के 2 आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा
महासमुंद। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और खल्लारी पुलिस की संयुक्त टीम ने एम्बुलेंस में छिपाकर ले जाए जा रहे 20 किलो गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो एम्बुलेंस (क्रमांक एम एच 49 सी 0133) में अवैध रूप से गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर खल्लारी थाना क्षेत्र के चरौदा मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई।
इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें पीछे रखी दो बोरियों में करीब 20 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर महाराष्ट्र में बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में अपना नाम सलमान खान (26), निवासी मोमिनपुरा, थाना गांधीबाग, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) और शिराज पठान (39), निवासी अंसार नगर, थाना गांधीबाग, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) होना बताया।
लगातार जारी है कार्रवाई
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में 59 मामलों में कुल 3367.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 16 करोड़ 79 लाख 33 हजार रुपये है। इन मामलों में 157 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 44 आरोपी छत्तीसगढ़ और 113 अन्य राज्यों के हैं।