बढ़ती गर्मी पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी

दोपहर में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को ढककर रखें, स्वास्थ्य विभाग की अपील
महासमुंद। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और संभावित लू (हीट वेव) के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर आम नागरिकों के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाता है, तब हीट वेव की स्थिति बनती है, जिसका असर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों पर सबसे ज्यादा पड़ता है।
लू से बचने के लिए जरूरी सावधानियां
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। बाहर जाते समय सिर और शरीर को कपड़े से ढककर रखें।
पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें। हल्के सूती कपड़े पहनें और
धूप में अधिक देर तक रहने से बचें।
लू के लक्षण दिखें तो तुरंत करें ये उपाय
डॉ. राव ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति में निम्न लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत सावधानी बरतें। तेज बुखार, सिरदर्द या चक्कर आना
उल्टी, अत्यधिक कमजोरी, शरीर का तापमान बढ़ना और पसीना न आना, ज्यादा प्यास लगना और पेशाब कम होना ऐसी स्थिति में पीड़ित को तुरंत ठंडी जगह पर लिटाएं, सिर पर ठंडे पानी की पट्टी रखें और पानी, ओआरएस, पना या लस्सी जैसे तरल पदार्थ पिलाएं। गंभीर स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाना जरूरी है।
समय पर उपचार से बच सकती है जान
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि लू एक गंभीर स्थिति हो सकती है, लेकिन समय पर सही इलाज मिलने पर इससे बचाव संभव है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और सावधानी बरतते हुए सुरक्षित रहें।