अवैध महुआ शराब के खिलाफ छापेमारी, 3 आरोपी गिरफ्तार
54 लीटर हाथ भट्ठी शराब जब्त, 140 किलो महुआ लाहन मौके पर किया गया नष्ट
महासमुंद। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने ग्राम बनसिवनी में बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर 3 अवैध शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग अवैध रूप से हाथ भट्ठी महुआ शराब बनाकर बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर तीन अलग-अलग स्थानों पर रेड कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में आरोपी भूषण ध्रुव (46) के कब्जे से 4 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। दूसरी कार्रवाई में पंचराम उर्फ पंचू ध्रुव (45) के पास से 20 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। वहीं तीसरी कार्रवाई में समीर बंजारे (23) के कब्जे से 30 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की गई।
इस प्रकार कुल 54 लीटर अवैध महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 10,800 रुपये है, पुलिस ने जब्त की। इसके अलावा मौके पर लगभग 140 किलो महुआ लाहन को भी नष्ट किया गया, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जा रहा था।
तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(ए) एवं 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
