एनएच-353 से साराडीह तक सड़क निर्माण को 9.26 करोड़ की स्वीकृति, आवागमन होगा सुगम
महासमुंद। जिले में आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य शासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एनएच-353 से साराडीह तक 5.025 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए 9 करोड़ 26 लाख 15 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति वित्त विभाग की सहमति के आधार पर जारी की गई है।
इस महत्वपूर्ण कार्य की स्वीकृति महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की सक्रिय पहल एवं जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का परिणाम मानी जा रही है। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करना, ड्रॉइंग-डिजाइन का अनुमोदन तथा सभी आवश्यक शासकीय नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
विभाग के कार्यपालन अभियंता चंद्रशेखर चंद्राकर ने जानकारी देते हुए बताया कि निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता, मितव्ययिता एवं वित्तीय अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस सड़क के निर्माण से साराडीह और बरोंडा मार्ग में आवागमन सुगम हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने के साथ ही समय की भी बचत होगी। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व केनाल लिंक मार्ग को भी शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
