पीजी कॉलेज के दो विद्यार्थी विश्वविद्यालय में प्रथम

महासमुंद। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय द्वारा घोषित स्नातकोत्तर (पीजी) परीक्षा परिणामों में शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय, महासमुंद के विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर शिक्षा जगत में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा दिया है। विज्ञान संकाय के मेधावी छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर न केवल अपने महाविद्यालय बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। महाविद्यालय के दो होनहार विद्यार्थियों ने अपने-अपने विषयों में पूरे विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्राणी शास्त्र में आशीष सिन्हा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप किया, वहीं गणित विषय में कु. अंजु ध्रुव ने 2000 में से 1611 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल करते हुए गोल्ड मेडल जीता। सिर्फ यही नहीं, महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। गणित में कु. भूमिका दुबे ने द्वितीय तथा कु. मधु ने छठा स्थान प्राप्त किया। वनस्पति विज्ञान में मंगलू मेहर पांचवें स्थान पर रहे, जबकि कु. पायल महामल ने दसवां स्थान अर्जित किया। रसायन विज्ञान में कु. लक्ष्मी एवं कु. चन्द्रिका कैवर्त ने संयुक्त रूप से दसवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। महाविद्यालय की प्राचार्य करूणा दुबे ने इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।