विद्युत उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं : रश्मि

महासमुंद। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में विद्युत उपभोक्ता को कोई राहत नहीं, बल्कि ठगने का काम किया जा रहा है। आगे उन्होंने कहा कि बिजली बिल से राहत पाने के लिए लोग अपने घर में पीएम सूर्य घर योजना से अपने घर की छत पर सोलर सिस्टम लगवा रहे हैं, लेकिन लो वोल्टेज के चलते सोलर से कोई बिजली उत्पादन नही हो रही है। सोलर सिस्टम लगवाने वाले पिथौरा विकासखंड के ग्रामीणों का कहना है बिजली विभाग द्वारा 180 वॉट से कम बिजली दी जा रही है, जिससे सोलर सिस्टम लगवाने वाले उपभोक्ता ठगी का शिकार हो गए हैं और कर्ज में फंस गए हैं। वहीं बागबाहरा के विद्युत उपभोक्ता को सोलर सिस्टम लगाने के बावजूद भी भारी भरकम बिजली बिल चुकाने लोक अदालत का नोटिस मिला है। आगे डॉ. रश्मि ने कहा कि एक तरफ यह सरकार आम जनता को राहत देने के बजाय बिजली के दामों में 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार (एमपीपीएस) के रूप में अतिरिक्त चार्ज लगा दी है। दूसरी तरफ समाधान योजना का ढोल पीटकर केवल पुराने बकायादारों के बिलों पर सरचार्ज में शत-प्रतिशत और मूल राशि में 75 प्रतिशत की मामूली राहत को मास्टर स्ट्रोक बताने केवल विज्ञापनबाजी कर रही है।