सीईओ ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, समन्वय से कार्य करने के निर्देश
महासमुंद। जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की। जिसमें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाने को लेकर विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सीईओ नंदनवार ने शिक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने पालकों तक यातायात नियमों की जानकारी पहुंचाएं, जिससे सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी विकसित हो सके।
उन्होंने यातायात विभाग को निर्देश दिए कि हेलमेट नहीं पहनने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ई-चालान की प्रभावी कार्यवाही की जाए तथा इसके लिए आवश्यक स्थानों पर कैमरे लगाए जाएं।
रात्रि के समय सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पशुपालन विभाग, यातायात विभाग एवं नगरीय निकायों को संयुक्त अभियान चलाकर मवेशियों को सड़कों से हटाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के लिए संबंधित विभागों—राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा नगरीय एवं ग्रामीण निकायों को निर्देशित किया गया। सीईओ श्री नंदनवार ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।
