महासमुंद में स्वच्छता को बढ़ावा: स्ट्रीट वेंडर्स के लिए नया अभियान शुरू

महासमुंद। शहर की स्वच्छता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत फुटकर व्यापारियों, ठेले वालों और स्ट्रीट वेंडर्स को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नगर पालिका द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नीला डस्टबिन सूखे कचरे और हरा डस्टबिन गीले कचरे के लिए उपयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य कचरे का सही तरीके से पृथक्करण कर शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने जानकारी देते हुए कहा कि यदि किसी दुकान या ठेले के आसपास गंदगी पाई जाती है और वहां डस्टबिन उपलब्ध नहीं होता, तो संबंधित विक्रेता पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि शहर की स्वच्छता में स्ट्रीट वेंडर्स की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि, अपने प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें। साथ ही
ग्राहकों को भी कचरा सही डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित करें। सड़क पर कचरा न फैलाएं और मार्ग अवरुद्ध न करें। पॉलिथीन की जगह कपड़े के थैलों का उपयोग करें। यह पहल न केवल शहर को साफ-सुथरा बनाएगी, बल्कि एक स्वस्थ और सुंदर वातावरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। नगर पालिका ने सभी विक्रेताओं से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है।