तुरेंगा में गाड़ा समाज का भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न
महासमुंद। सक्तहा गाड़ा समाज बार परिक्षेत्र द्वारा ग्राम तुरेंगा में सामाजिक भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि योगेश्वर सिन्हा थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सरायपाली विधायक चातुरीनंद उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता बार परिक्षेत्र अध्यक्ष जनकराम चौहान ने की।
विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य देवकी धरम पटेल, जनपद पंचायत महासमुंद की सदस्य कौशिल्या ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष झलप चन्द्रहास चंद्राकर, ग्राम पंचायत तुरेंगा की सरपंच चम्पा रूपधर पटेल सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुन्दर दास कुलदीप, प्रदेश अध्यक्ष डी.एस. नाग, गृह विभाग के प्रोविजन अधिकारी राधेश्याम नागवंशी एवं विभिन्न परिक्षेत्रों के अध्यक्ष भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में 8 परिक्षेत्रों से आए समाज के महिला एवं पुरुषों की भारी उपस्थिति रही। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक गाड़ा बाजा और आतिशबाजी के साथ किया गया, जिससे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण बन गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि योगेश्वर सिन्हा ने अपने निधि से सामाजिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं सरायपाली विधायक चातुरीनंद ने अनुसूचित जाति प्राधिकरण के माध्यम से 10 लाख रुपये दिलाने का आश्वासन दिया। इस प्रकार कुल 20 लाख रुपये की सहायता की घोषणा से गाड़ा समाज में खुशी की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम के अंत में गाड़ा समाज के सदस्यों ने दोनों विधायकों के प्रति आभार व्यक्त किया और समाज के विकास में उनके योगदान की सराहना की।
