खल्लारी रोपवे हादसा: पीसीसी जांच दल कल पहुंचेगा, जमीनी हकीकत की होगी पड़ताल
महासमुंद। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खल्लारी माता मंदिर में हुए भीषण रोपवे हादसे के बाद अब राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) द्वारा गठित 6 सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच दल बुधवार, 25 मार्च को मंदिर परिसर पहुंचेगा और पूरे मामले की गहन जांच करेगा।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर गठित इस जांच दल का नेतृत्व खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव (संयोजक) कर रहे हैं।
जांच दल के प्रमुख सदस्य:
चातुरी नंद (विधायक, सरायपाली)
अमरजीत चावला (पूर्व प्रभारी महामंत्री)
विनोद चंद्राकर (पूर्व विधायक)
रश्मि चंद्राकर (पूर्व जिलाध्यक्ष)
केशव चंद्राकर (अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग)
क्या करेगी जांच टीम?
जांच दल सुबह 11 बजे मंदिर परिसर पहुंचकर हादसे के स्थल का बारीकी से निरीक्षण करेगा। रोपवे संचालन से जुड़े कर्मचारियों से पूछताछ करेगा। प्रत्यक्षदर्शियों और मंदिर प्रबंधन से जानकारी लेगा। घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हालात जानेंगे। जांच दल का मुख्य उद्देश्य हादसे के वास्तविक कारणों, संभावित लापरवाही और प्रशासनिक चूक को उजागर करना है। जांच पूरी होने के बाद टीम अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। गौरतलब है कि खल्लारी मंदिर में हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, और अब सभी की नजरें इस जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
