70 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई में 70 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 24 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नानकपाली के दो युवक स्कूटी से भारी मात्रा में महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम माधोपाली-कुटेला रोड के पास घेराबंदी कर एक बिना नंबर की काले रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी को रोका। तलाशी लेने पर स्कूटी में रखे दो प्लास्टिक बोरे से कुल 70 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दीपक भोई (26) और तेज कुमार भोई (23), निवासी ग्राम नानकपाली थाना सरायपाली बताया। दोनों के कब्जे से लगभग 14 हजार रुपए की महुआ शराब एवं करीब 95 हजार रुपए की स्कूटी जब्त की गई। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 1 लाख 9 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।
