कंटेनर से गांजा तस्करी करते 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। थाना कोमाखान पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में संलिप्त दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12.300 किलोग्राम गांजा सहित करीब 26 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 मार्च को नेशनल हाईवे 353 पर वाहनों की सघन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कत्था रंग की कंटेनर वाहन (एचआर 56 सी 2387) में गांजा तस्करी कर ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए हरियाणा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान कंटेनर के केबिन में रखे बैंगनी रंग के बैग से 6 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 12.300 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 6 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई। साथ ही वाहन, दो मोबाइल और नगदी भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाबूलाल (40), निवासी मथुरा (उत्तरप्रदेश) और रविन्द्र ठाकुर (19), निवासी आगरा (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा को ओडिशा से हरियाणा ले जाकर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।