शहीद दिवस पर कांग्रेस भवन में अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

महासमुंद। शहीद दिवस के अवसर पर कांग्रेस भवन महासमुंद में अमर शहीदों की 95वीं शहादत वर्षगांठ श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर देश की आजादी के महान क्रांतिकारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने कहा कि 23 मार्च 1931 का दिन भारतीय इतिहास में अमर है, जब भारत माता के वीर सपूत—भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने देश की आजादी के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनके विचार आज भी देशवासियों के दिलों में देशभक्ति की प्रेरणा जगाते हैं। ऐसे महान बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला ने कहा कि ये स्वतंत्रता संग्राम के सच्चे परवाने थे, जिन्होंने हंसते-हंसते अपने जीवन का बलिदान दे दिया। उन्होंने कहा कि वे चाहते तो अंग्रेजों से माफी मांग सकते थे, लेकिन उन्होंने स्वाभिमान और देशप्रेम को चुना। ऐसे वीरों को शत-शत नमन है। इस दौरान कांग्रेस भवन में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने अमर शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव, जिला प्रभारी हितेंद्र ठाकुर, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, जिला कोषाध्यक्ष निर्मल जैन, ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज सिंहा, देवनाथ साहू, श्रीमती अन्नु चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।