शौर्य मैराथन में युवाओं का दिखा उत्साह

महासमुंद। पूर्व सैनिक सेवा संघ महासमुंद एवं मनोरमा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के संयुक्त तत्वाधान में नगर में ‘शौर्य मैराथन’ का आयोजन किया गया। 23 मार्च शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर 22 मार्च प्रात: 6 बजे आयोजित इस दौड़ में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारत माता के वीर सपूतों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को नमन करते हुए सैकड़ों धावकों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया। मैराथन को दो श्रेणियों में आयोजित किया गया। 6 किलोमीटर दौड़ फॉरेस्ट ग्राउंड से शहीद स्मारक खरोरा तक आयोजित हुई, जिसे मनोरमा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक गौतम कुमार पाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं 5 किलोमीटर दौड़ बरौंडा चौक से शहीद स्मारक खरोरा तक हुई, जिसका शुभारंभ जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर ने किया।
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। 6 किलोमीटर श्रेणी में नोमेश चंद्राकर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 10 हजार रुपये का पुरस्कार जीता, जबकि प्रियांशु साहू द्वितीय स्थान प्राप्त कर 7 हजार रुपये और सुमीत ठाकुर तृतीय ने 5 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। इसी प्रकार 5 किलोमीटर श्रेणी में गजेंद्र ठाकुर प्रथम को 7 हजार रुपये का पुरस्कार, रूपेश निषाद द्वितीय को 5 हजार रुपये) और ओमप्रकाश यादव तृतीय को 3 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहवर्धन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। दौड़ का समापन खरोरा स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में हुआ।