कर्मा देवी जयंती पर समाज को एकजुट रहने का आह्वान: तुषार साहू

महासमुंद। ग्राम चिरको में आराध्य देवी, भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त मां कर्मा देवी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन समिति के तत्वाधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय तेलीकर्मा सेना के संस्थापक एवं भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशवंत तुषार साहू उपस्थित रहे। उनके आगमन पर फूल-माला, चंदन एवं गुलाल लगाकर भव्य स्वागत किया गया।
अशवंत तुषार साहू ने मां कर्मा देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मां कर्मा देवी बचपन से ही भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त थीं और खिचड़ी का प्रसाद अर्पित करती थीं, जो आज भी आस्था का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि मां कर्मा देवी समर्पण और भक्ति की प्रतीक हैं तथा उनकी गौरव गाथा सदियों से साहू (तेली) समाज के बीच श्रद्धा के साथ प्रचलित है। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
तुषार साहू ने युवाओं से शिक्षा को जीवन का आधार बनाने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के बिना समाज का समुचित विकास संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने समाज को संगठित होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में मां कर्मा देवी जयंती को और अधिक भव्य और व्यापक रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व परिक्षेत्र अध्यक्ष जवाहर साहू, संरक्षक नंदकुमार साहू, ग्रामीण अध्यक्ष तामराज साहू, योगेश साहू, सुरेश साहू, मोहित साहू सहित समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।