पार्षद की पहल: भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों के लिए कोटना व बसेरा की व्यवस्था

महासमुंद। भीषण गर्मी के चलते जहां इंसान परेशान हैं, वहीं बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए हालात और भी कठिन हो जाते हैं। ऐसे समय में वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद चंद्रशेखर बेलदार ने सराहनीय पहल करते हुए पशु-पक्षियों के लिए राहत का इंतजाम किया है।
पार्षद बेलदार ने अपने व्यक्तिगत प्रयास से वार्ड क्रमांक 21, 22 और 23 के विभिन्न स्थानों पर गाय, भैंस, कुत्तों सहित अन्य पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था (कोटना), बसेरा और सुरैया का निर्माण कराया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य तेज गर्मी में प्यासे बेजुबान जानवरों को राहत पहुंचाना है।
उन्होंने वार्डवासियों से भी अपील की है कि वे अपने घरों के आसपास पशु-पक्षियों के लिए पानी और छांव की व्यवस्था करें, ताकि इस चिलचिलाती गर्मी में उन्हें थोड़ी राहत मिल सके। स्थानीय लोगों ने पार्षद की इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा एक प्रेरणादायक कदम बताया है।