खल्लारी रोपवे हादसे पर कांग्रेस सख्त, 6 सदस्यीय जांच समिति गठित

महासमुंद। खल्लारी माता मंदिर में रविवार को रोपवे केबल टूटने से हुए हादसे की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने 6 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
इस जांच समिति का संयोजक खल्लारी विधानसभा के विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव को बनाया गया है। समिति में सरायपाली के विधायक चातुरी नंद, पूर्व प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिलाध्यक्ष रश्मि चंद्राकर और प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष केशव चंद्राकर शामिल होंगे। बता दें कि नवरात्र के चौथे दिन यानी रविवार को छुट्टी के कारण खल्लारी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। माता का दर्शन कर रोपवे के ट्राॅली में सवार होकर नीचे की ओर लौट रहे थे कि इस बीच अचानक रोपवे की केबल टूट गई, जिससे ट्रॉली 20 फीट नीचे चट्टान से जा टकराई और उसमें सवार एक 28 वर्षीय महिला आयुषी धावरे की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए थे। हादसे के तत्काल बाद ग्रामीण और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को निजी व पुलिस वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में मामूली चोटें लगने के कारण 8 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वही 5 लोग बुरी तरह ज़ख्मी है, जिनका इलाज रायपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है। कांग्रेस द्वारा गठित यह समिति जल्द ही घटनास्थल का दौरा करेगी, हादसे के कारणों की पता लगाएगी और अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगी। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं और रोपवे संचालन पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।