डेढ़ साल पुराने उठाईगिरी मामले का अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई उठाईगिरी की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2024 में कलेक्ट्रेट परिसर के पास खड़ी एक बोलेरो वाहन का शीशा तोड़कर 3 लाख रुपये चोरी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2024 को प्रार्थी द्रोण कुमार चंद्राकर (49 वर्ष), निवासी बावनकेरा थाना पटेवा, ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कलेक्ट्रेट परिसर स्थित समाज कल्याण विभाग के सामने खड़ी उनकी कार का शीशा तोड़कर डिक्की में रखे 3 लाख रुपये अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। मामले में थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 546/2024 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
करीब एक साल चार माह बाद 22 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सीसीटीवी फुटेज में दिखा संदिग्ध आरोपी महासमुंद रेलवे स्टेशन के पास घूम रहा है और किसी वारदात की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश प्रधान (23), निवासी ग्राम दसमनिया थाना जोखापुरा, जिला जाजपुर (ओडिशा) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2 लाख रुपये नगद बरामद किए गए। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने 2024 में कलेक्ट्रेट परिसर में कार का शीशा तोड़कर 3 लाख रुपये चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में यह भी संभावना जताई जा रही है कि आरोपी से अन्य आपराधिक घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। पूरी कार्रवाई थाना महासमुंद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई।