जनगणना के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को मिला प्रशिक्षण

महासमुंद। जनगणना के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और फील्ड स्तर के कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनेगी, इसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं गणना 01 मई से 31 मई 2026 तक एवं द्वितीय चरण जनसंख्या गणना फरवरी 2027 तक चलेगा। कलेक्टर लंगेह ने सभी अधिकारियों को समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सीएमएमएस पोर्टल पर मकान सूचीकरण ब्लॉक निर्माण एवं प्रगणक-पर्यवेक्षकों की यूजर आईडी 31 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से तैयार कर ली जाए। उन्होंने यह भी कहा कि फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आगामी सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि वे तहसील स्तर पर प्रगणकों को प्रभावी प्रशिक्षण दे सकें। पूरी प्रक्रिया की निगरानी ऑनलाइन सॉफ्टवेयर और सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में जिला जनगणना अधिकारी मनोज कुमार खाण्डे ने सभी उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण में कलेक्टर एवं प्रमुख जिला गणना अधिकारी विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, जनगणना प्रशिक्षक अशोक मिश्रा (संयुक्त निदेशक, जनगणना कार्यालय रायपुर), सहायक संचालक मनोज कुमार महिलांगे सहित जिला व अनुविभागीय स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।