ठेकेदार के खिलाफ नपा उपाध्यक्ष ने की एफआईआर की मांग
महासमुंद। शहर के बीटीआई रोड में हो रहे चौड़ीकरण और नाली निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा की जा रही पानी चोरी को आड़े हाथ लेते हुए नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी और अन्य भाजपाई पार्षदों ने नपा अधिकारी, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग, उप संचालक नगरीय प्रशासन रायपुर को आवेदन सौंपते हुए शीघ्र कठोर कार्रवाई की मांग की है।
श्री राठी ने कहा कि दिन-दहाड़े 4 माह से पानी का दोहन पालिका को बिना शुल्क जमा किए किया गया। अब पालिका की जानकारी में यह प्रकरण आने के बाद भी कोई कठोर कार्रवाई ठेकेदार के खिलाफ नहीं की जा रही है, बल्कि ठेकेदार को बचाने में लगे हुए हैं। वहीं पालिका प्रशासन का कहना है कि ठेकेदार द्वारा कुछ राशि जमा कराई गई है साथ ही जनहित के कार्यों के लिए नगर पालिका द्वारा कुछ सेवाएं अपनी ओर से भी मुहैय्या कराई जा सकती है। लगातार धूल उड़ने से वहां पानी डलवाने के लिए पानी रियायती दर पर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन मंत्री एवं सचिव को लिखित शिकायत के साथ भाजपा पार्षद नगर पालिका के खिलाफ जनआंदोलन करेंगे। लोक निर्माण विभाग में कहा गया कि ठेकेदार को भुगतान के पहले पालिका में पानी का पैसा पेनाल्टी के साथ जमा कराएं और पालिका से अनापत्ति प्रमाण पत्र के बाद ही भुगतान करें।
