एआई की नजर में बिना हेलमेट चालक, 12 दिन में 555 ई-चालान

अब हर उल्लंघन पर कटेगा चालान, गलत नंबर प्लेट पर होगी धोखाधड़ी की कार्रवाई
महासमुंद। जिला मुख्यालय में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। 8 मार्च से 20 मार्च के बीच कुल 555 दोपहिया वाहन चालकों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने के कारण ई-चालान की कार्रवाई की गई है। खास बात यह है कि इन सभी मामलों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए ट्रेस किया गया है।
अब तक एक वाहन पर महीने में केवल एक बार ही ई-चालान किया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने नियमों में बदलाव करते हुए स्पष्ट किया है कि अब हर बार नियम उल्लंघन करने पर अलग-अलग चालान किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, AI तकनीक के माध्यम से इस माह 13 ऐसे वाहन भी चिन्हित किए गए हैं, जिनमें गलत नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया जा रहा था। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जानबूझकर फर्जी या गलत नंबर प्लेट लगाने वालों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस की कार्रवाई में सहयोग करें।