प्रधान पाठक के घर से नकद व आभूषण, बिजली मिस्त्री की बाइक चोरी

महासमुंद। कोतवाली थाना क्षेत्र के रमनटोला में चोरों ने प्रधानपाठक के सूने मकान को निशाना बनाया, वहीं एक बिजली मिस्त्री की बाइक चोरी हो गई। दोनों ही मामले में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड-09 रमनटोला निवासी प्रधान पाठक द्रौपदी साहू ने कोतवाली में शिकायत की है कि वह तीन मार्च की शाम 04.30 बजे वह बेटी जयश्री साहू के साथ पैतृक ग्राम कोसरंगी होली मनाने गई थी। घर में कोई नहीं था। त्योहार मनाने के बाद 5 मार्च की शाम 5 बजे घर पहुंचकर देखा तो लकड़ी के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और ताला कुण्डी में लटका हुआ था। कमरे की आलमारी खुली हुई थी और सोने की एक जोड़ी कान का टाप्स वजन 3.200 ग्राम, एक नग सोने की अंगूठी वजन 2.902 ग्राम और दो नग सोने की फुल्ली, एक जोड़ी चांदी की पैरपट्टी और नगदी 3,500 रुपए गायब थे। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 305 (ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। वहीं वार्ड-24 सुभाष नगर निवासी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने कोतवाली पुलिस को बताया कि वह बिजली फिटिंग का कार्य करता है। 13 मार्च को वह बाइक क्रमांक सीजी 06 जी 1782 से क्लबपारा गया था। बाइक को हैंडल लॉक किया था। दोपहर करीब 3:30 बजे खाना खाने के लिए बाहर निकला तो बाइक नहीं थी। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 303 तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।