घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक, एजेंसियों को दिए आवश्यक निर्देश

मोहला 16 मार्च 2026। जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा हेतु कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गैस एजेंसी संचालकों एवं पेट्रोल पंप संचालकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निर्देशित किया कि जिले के सभी शासकीय संस्थानों जैसे शासकीय विश्राम गृह, शासकीय छात्रावास तथा पुलिस मेस में गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। वर्तमान में उपभोक्ताओं को शहरी क्षेत्र मे 25 दिन एवं ग्रामीण क्षेत्र मे 45 दिन के अंतराल में दूसरा सिलेंडर उपलब्ध होगा, इसकी स्पष्ट जानकारी सभी गैस एजेंसियों में सूचना पट्ट पर चस्पा की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा न हो।
उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न किया जाए। साथ ही घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग अथवा अन्य किसी प्रकार के दुरुपयोग के लिए सिलेंडर प्रदान न किया जाए, अन्यथा संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने यह भी निर्देश दिया कि सभी गैस एजेंसियां प्रतिदिन गैस सिलेंडरों के स्टॉक की जानकारी गूगल शीट में अनिवार्य रूप से दर्ज करें।
बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य बनाए रखी जाए तथा उपभोक्ताओं को केवल वाहनों में ही पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जाए। किसी भी स्थिति में बोतल, कंटेनर या ड्रम में पेट्रोल-डीजल देने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि डेड स्टॉक को छोड़कर पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक भंडारण न किया जाए। सभी पेट्रोल पंप संचालक प्रतिदिन पेट्रोल और डीजल के स्टॉक की जानकारी गूगल शीट में दर्ज करना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस तथा पेट्रोल-डीजल की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए सभी संबंधित संचालक निर्धारित निर्देशों का कड़ाई से पालन करें, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित जिले के गैस एजेंसी संचालक एवं पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित रहें।