10 किलो से अधिक गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा से नागपुर ले जाई जा रही थी नशे की खेप, 5.75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.600 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 5 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक एमएच 49 एजी 7784) में अवैध गांजा लेकर नागपुर की ओर जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल वहां पहुंची, जिसे रोककर पूछताछ की गई।
मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम सागर शुद्धोधन निकालजे (35) निवासी प्लॉट नंबर 50, मानोवाडा रिंग रोड, बुद्ध विहार थाना हुडकेश्वर जिला नागपुर (महाराष्ट्र) बताया। वहीं पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अतुल विनोद नंदेश्वर (33) निवासी प्लॉट नंबर 53, नरसाला रोड, श्री यशनगर नरसाला थाना हुडकेश्वर जिला नागपुर (महाराष्ट्र) बताया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के बीच रखे काले रंग के बैग से 10.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के फुलबानी से नागपुर में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने कुल 5 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (बी) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
यह पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
