समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका: येतराम

महासमुंद। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार तथा छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का सतत प्रयास किया जा रहा है।
श्री साहू ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से प्रदेश की विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार हो रहा है और वे परिवार तथा समाज में सशक्त भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति व्यापक जागरूकता का वातावरण तैयार हुआ है। श्री साहू ने बताया कि स्टैंड अप इंडिया योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके तहत महिलाओं को व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने लखपति दीदी योजना को भी महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री साहू ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति को सृजन और शक्ति का प्रतीक माना गया है। आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, प्रशासन और सामाजिक जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम से नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी संकल्प के साथ कार्य करती रहेगी।